“दिव्यम ऐप” और “अपना पुस्तकालय” स्थापित करने की पहल के लिए प्रदेश सरकार की ओर से जिला प्रशासन मंडी “सिविल सर्विस अवार्ड” से सम्मानित
फील्ड निरीक्षणों को डिजिटल, पारदर्शी और प्रभावी बनाकर सुशासन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मण्डी ने दिव्यम ऐप की परिकल्पना की है। केंद्रीयकृत डैशबोर्ड के उपयोग से जिला अधिकारियों को भौतिक विलंब के बिना फील्ड गतिविधियों की निगरानी करने की सुविधा मिली है।
साक्ष्य-आधारित डिजिटल रिकॉर्ड ने हेरफेर की संभावना को समाप्त कर प्रामाणिकता को बढ़ाया है। इस ऐप से निरीक्षणों की गुणवत्ता में सुधार तथा रिपोर्टिंग में विलंब कम होने से शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल कल्याण, खनन, सार्वजनिक वितरण सेवाओं में प्रभावी सुधार देखने को मिला है।
जिला प्रशासन मंडी ने हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘अपना पुस्तकालय” पहल को भी सफलतापूर्वक साकार किया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों एवं युवाओं को गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों, डिजिटल शिक्षण संसाधनों एवं स्व-अध्ययन हेतु स्थान की निःशुल्क एवं समान पहुंच प्रदान करना है।
यह परियोजना उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ पठन आदतों एवं स्वतंत्र अध्ययन को बढ़ावा दे रही है। हिमाचल सरकार के वर्ष 2024-25 के बजट घोषणा के अनुसार उपायुक्त मंडी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न उप मंडलों में ‘अपना पुस्तकालय’ पहल के अंतर्गत पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप हजारों छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधनों, डिजिटल उपकरणों एवं सुरक्षित स्व-अध्ययन स्थानों तक पहुंच प्राप्त हुई है।
जिला प्रशासन मंडी को “दिव्यम ऐप’ और “अपना पुस्तकालय” स्थापित करने की पहल के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 15 अप्रैल, 2026 को हिमाचल दिवस के अवसर पर सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया गया है।